होली 2022 Holi 2022 : फाल्गुन मास की पूर्णिमा यानी 17 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा। उसके अगले दिन लोग रंग-गुलाल का लुत्फ उठाएंगे। होलिका दहन के दिन होलिका की पूजा अर्चना की जाती है। शास्त्रों के अनुसार होलिका पूजन मुहूर्त के अनुसार किया जाना चाहिए। इस दौरान कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए।
होलिका दहन-मुहूर्त के बारे में जानें
होली 2022 के दौरान होलिका दहन करने का शुभ मुहूर्त 17 मार्च 2022 की रात 9:06 बजे से 10:16 मिनट तक होगा। होलिका दहन का मुहूर्त 1.10 घंटे का रहेगा। भद्रा की स्थिति पूंछ रात 9:06 बजे से 10:16 बजे तक और वहीं भद्रा मुख 17 मार्च की रात 10:16 बजे से मध्यरात्रि 12:13 बजे तक है।
होलिका दहन को ये लोग न देखें
शास्त्रों के अनुसार होलिका दहन के दौरान मौजूद रहना अच्छा माना जाता है, लेकिन इसमें शामिल होने से कुछ लोगों को बचना चाहिए। इसके लिए सख्त मनाही की जाती है। नवविवाहित महिलाओं को होलिका दहन नहीं देखना चाहिए। होलिका दहन की आग में जलते हुए शरीर का प्रतीक माना गया है। इसलिए नवविवाहित महिलाओं को होलिका दहन नहीं देखना चाहिए, यह दाम्पत्य जीवन के लिए कष्टकारी साबित हो सकता है।