महासमुंद. बंदलीमाल के स्कूल में चोरी होने का मामला सामने आया है। स्कूल के प्रधान पाठक की रिपोर्ट पर सिंघोड़ा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। चोरी गए सामान में 4 साल का कैशबुक, स्टेशनरी, खेल सामग्री, बर्तन सहित अन्य सामान शामिल हैं।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बंदलीमाल प्रधान पाठक जगन्नाथ मिश्रा पिता ऋषिकेश मिश्रा ने एफआईआर कराते हुए बताया कि 13 सितंबर 2022 की शाम 4 बजे छुट्टी होने के बाद स्कूल को बंद कर अपने घर चला गया था। अगले दिन 14 सितंबर की सुबह 9:45 बजे स्कूल पहुंचा तो पाया कि मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी।
इसके बाद मैने ग्राम सरपंच, कोटवार व शाला प्रबंधन समिति को बुलाया तथा उनके साथ अंदर जाकर देखा तो प्रधान पाठक कक्ष की आलमारी खुली हुई थी, जिसमें से 2018 से 2021 तक का कैशबुक, गार्ड फाइल, पासबुक, स्टेशनरी सामान, खेल सामग्री, टाटपट्टी, बर्तन सामान, विज्ञान एवं गणित किट का कुछ सामान (कीमत लगभग 5700 रूपये) नहीं थे। इसके अलावा प्राथमिक शाला बंदलीमाल का आवश्यक दस्तावेज परीक्षा फल पंजी वर्ष 2009, स्टेशनरी सामान, खेल सामग्री, टाटपट्टी, बर्तन सामन, सम्पर्क फाउंडेशन किट (कीमत 5100 रूपये) कुल कीमत 10800 रूपये का स्कूल की पाठ्य सामग्री नहीं थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
भागवत कथा सुनने गईं 2 महिलाओं के गले से सोने की माला चोरी